समाज सुधार और भाईचारे की मुहिम तेज करेगी जमीयत.

मुजफ्फरनगर। जमीयत उलमा-ए-हिंद जिला मुजफ्फरनगर की सभी इकाइयों के पदाधिकारियों की विशेष बैठक मस्जिद रहीमिया में जिला अध्यक्ष मौलाना मुकर्रम अली कासमी की अध्यक्षता में हुई। संचालन जिला महासचिव मौलाना अब्दुल खालिक कासमी ने किया। बैठक में इसलाहे मुआशरा (समाज सुधार), आगामी जनगणना को लेकर जनजागरूकता तथा हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

जिला अध्यक्ष मौलाना मुकर्रम अली कासमी ने कहा कि समाज सुधार के लिए लोगों के बीच पहुंचकर जागरूकता पैदा करना जरूरी है। स्थानीय इकाइयां उलेमा, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जिम्मेदार लोगों के सहयोग से नशाखोरी, दहेज, फिजूलखर्ची और अशिक्षा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाएंगी। युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और परिवारों में आपसी प्रेम एवं सम्मान का वातावरण मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

जिला उपाध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी मौलाना आसिफ कुरैशी बुढ़ाना ने कहा कि जनगणना प्रक्रिया शुरू होने पर लोगों तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए मस्जिदों में ऐलान, बैठकों और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की जाएगी।

बैठक में मौलाना अब्दुल कय्यूम कासमी, मौलाना जुबैर रहमानी, मौलाना सुहैल अख्तर, हाफिज शेरदीन, मौलाना शाहनजर, मौलाना इसराइल और हाजी अजीजुर्रहमान ने सामाजिक सद्भाव पर विचार रखे। उन्होंने विभिन्न समुदायों के जिम्मेदार लोगों के बीच संवाद बढ़ाने और भाईचारे के कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। जिला महासचिव मौलाना अब्दुल खालिक कासमी ने कहा कि सभी कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से संचालित किए जाएंगे। बैठक के अंत में मौलाना जुबैर रहमानी और मौलाना अहमद ने आभार व्यक्त किया। बैठक में जिला एवं स्थानीय इकाइयों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts