ग्रामीण क्षेत्र के 23 लोगों के वरदान नेत्र चिकित्सालय में निःशुल्क ऑपरेशन

मुजफ्फरनगर। वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय की ओर से ग्रामीण अंचल के 23 नेत्र रोगियों के निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन कराए गए। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाती अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में सभी 23 ऑपरेशन सफल रहे। इन ऑपरेशनों का पूरा सहयोग रेशू एडवरटाइजिंग के सत्यप्रकाश रेशू द्वारा किया गया।

वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय के अध्यक्ष शिवचरण दास गर्ग, योगेन्द्र जैन और भानु प्रताप ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित नेत्र जांच शिविर के दौरान 167 पुरुष एवं महिलाओं की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 23 मरीजों को नेत्र ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई। मरीजों के ऑपरेशन और उपचार की जिम्मेदारी सत्यप्रकाश रेशू ने ली। इसके बाद सभी 23 नेत्र रोगियों को उनके गांव से चिकित्सालय तक लाने और ऑपरेशन के बाद वापस पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

ऑपरेशन के दौरान मरीजों के लिए चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाइयों, चश्मों और भोजन आदि की भी व्यवस्था की गई। सफल ऑपरेशन के बाद मरीजों ने चिकित्सालय और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। चिकित्सालय प्रबंधन ने बताया कि वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय ‘नेत्रदान महादान’ के सिद्धांत को आगे बढ़ाते हुए देशभर में सहयोग के माध्यम से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित करता है। इन शिविरों का विशेष रूप से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में आयोजन किया जाता है।

चिकित्सालय के अनुसार सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों के सहयोग से आयोजित इन शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में नेत्र रोगियों का उपचार संभव हो रहा है। इससे पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को दृष्टि संबंधी समस्याओं से राहत मिल रही है और कई मरीज सफल उपचार के बाद दोबारा सामान्य रूप से देख पा रहे हैं। डॉ. स्वाती अग्रवाल द्वारा दी गई चिकित्सकीय जानकारी और ऑपरेशन के बाद मरीजों के फीडबैक के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts