मुजफ्फरनगर। जिला संस्था भारत स्काउट-गाइड, मुजफ्फरनगर की वार्षिक कार्यक्रम पत्रिका का विमोचन जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में किया गया। पत्रिका का विमोचन जिलाधिकारी एवं जिला संस्था भारत स्काउट एवं गाइड के अध्यक्ष उमेश मिश्रा तथा जिला विद्यालय निरीक्षक एवं संस्था के उपाध्यक्ष हरिकेश यादव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जिला संस्था के पदाधिकारी, स्काउट-गाइड कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला स्काउट कमिश्नर विजय कुमार शर्मा, जिला गाइड कमिश्नर राजेश कुमारी, सहायक गाइड कमिश्नर रेणु गर्ग, जिला कोषाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, जिला सचिव अनिल कौशिक, संयुक्त सचिव किरण देवी, जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) भारत भूषण, जिला संगठन कमिश्नर (गाइड) प्रभा दहिया तथा जिला प्रशिक्षण आयुक्त ज्योति रानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
वार्षिक कार्यक्रम पत्रिका में पूरे वर्ष आयोजित होने वाली स्काउट एवं गाइड गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। इसमें प्रशिक्षण कार्यक्रम, शिविर, सेवा कार्य और जनजागरूकता अभियानों को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने पत्रिका के विमोचन के दौरान कहा कि वार्षिक कार्यक्रमों की यह रूपरेखा जनपद में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों के सुचारू संचालन में सहायक होगी। साथ ही इससे छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने कहा कि विद्यालयों में स्काउटिंग की नियमित गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड आंदोलन से जोड़ने में पत्रिका महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों ने स्काउट एवं गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।















