मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन एसडी कन्या इंटर कॉलेज, झांसी की रानी, मुजफ्फरनगर में किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 27 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, पूर्व जिला मंत्री रेणु गर्ग और विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सविता सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा के सुपर नोडल कैप्टन प्रवीण चौधरी, जिलाध्यक्ष विशाल गर्ग, दीपक मित्तल, प्रवीण खेड़ा, अमित शास्त्री, हितेश गुप्ता, दिनेश गौतम, सोनाली पवार, हिमानी कक्कड़, मोनिका धीमान और युवा मोर्चा से दीपकर गौतम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के नोडल आशीष द्विवेदी और पर्यवेक्षक रणवीर सिंह भी उपस्थित रहे। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों, युवाओं और समाज की सामूहिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत की नई और विकसित तस्वीर तैयार की जा सकती है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सविता सिंह ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर और बुके देकर स्वागत किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। निर्णायक मंडल में ममता रानी, रीना यादव, साक्षी देशवाल और डॉ. अनुराधा शामिल रहीं। प्रतियोगिता में फरहाना पुत्री एहजाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तन्वी जैन पुत्री लोकेश कुमार और जिया पुत्री अफजाल ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि नरगिस पुत्री शहजाद तृतीय स्थान पर रहीं। संयोजिका डॉ. सविता सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
















