मुजफ्फरनगर में अवैध हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, तीन तस्कर गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, छह खाली मैगजीन .32 बोर, छह तमंचे .315 बोर और एक तमंचा 12 बोर बरामद किया है। इसके अलावा हथियारों की तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और थाना प्रभारी कोतवाली नगर बृजेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल के पास कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां तीन संदिग्ध एक वाहन में बैठे मिले। मुखबिर ने तीनों की पहचान हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के रूप में की। पुलिस ने सावधानीपूर्वक वाहन की तलाशी ली, जिसमें बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी के मामले में कोतवाली नगर पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts