मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये कीमत के तैयार अवैध पटाखे और पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास पटाखा निर्माण और भंडारण का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह और थाना प्रभारी बुढ़ाना सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कांधला रोड स्थित शिव मूर्ति के सामने वाली गली में एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। मकान में मौजूद दोनों आरोपियों से पटाखा निर्माण और भंडारण के लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की गई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले यहां पटाखे बनाने का काम शुरू किया था और दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण अधिक मुनाफा कमाने के लालच में अवैध कारोबार कर रहे थे। उनके पास कोई लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि वहां विस्फोटक सामग्री और निर्मित पटाखों का अनधिकृत रूप से भंडारण भी किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार ऐसी सामग्री के कारण आग या विस्फोट होने पर आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता था। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















