मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरपालिका परिषद की ओर से गुरुवार को 151 घंटे के विशेष स्वच्छता श्रमदान अभियान का शुभारंभ किया गया। टाउनहाल से शिव चौक तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा जागरूकता कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, सभासदों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान का शुभारंभ पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों और समाजसेवियों के साथ टाउनहाल से शिव चौक तक सफाई की। इस दौरान नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि स्वच्छता केवल पालिका या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनभागीदारी के माध्यम से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत 151 घंटे के स्वच्छता श्रमदान में अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन एक घंटा स्वच्छता के लिए दे तो सामूहिक प्रयास से शहर की तस्वीर बदली जा सकती है। अभियान के दौरान सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, प्रमोद अंबेडकर, होतीलाल शर्मा एडवोकेट, अनुभव पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, सीएसएफआई योगेश गोलियान, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, लिपिक एसबीएम रुचि शर्मा सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहभागिता की। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
















