दो मासूम भाइयों की मौत से कोहराम,माँ बोली-हत्या

बाँदा। नरैनी कोतवाली के नंदवारा गाँव में दो सगे मासूम भाइयों की संदिग्ध हालत में मौत के बाद रात भर हंगामा मचा रहा। घर से महज 50 मीटर दूर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में दोनों के शव मिले हैं। परिजन इसे हादसा मानने को तैयार नहीं हैं। अब घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले में नया मोड़ ला दिया है। मृतक बच्चों की पहचान 6 वर्षीय मनोज और 4 वर्षीय अशोक के रूप में हुई है।परिजनों का दावा है कि जिस गड्ढे में बच्चे मिले वह मकान की नींव के लिए खोदा गया था और उसमें कमर तक ही पानी है। सामने आए वीडियो में भी गड्ढे में पानी इसी स्तर तक दिख रहा है। परिजन सवाल उठा रहे हैं कि इतने कम पानी में दो बच्चे एक साथ कैसे डूब सकते हैं? हालांकि वीडियो से गहराई का सही अंदाजा लगाना मुश्किल है, असली सच्चाई पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आएगी। मृतक बच्चों की माँ कलावती ने गाँव के ही भवानीदीन पर हत्या का आरोप लगाया है। कलावती का कहना है कि एक महीने पहले भवानीदीन ने उसके साथ मारपीट की थी और धमकी दी थी कि तीन-चार महीने में तेरा वंश खत्म कर दूंगा। कलावती के मुताबिक इस धमकी के बाद से वह इतनी डरी हुई थी कि उसने बच्चों को स्कूल भेजना भी बंद कर दिया था।

कलावती ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों बच्चे खाना खाकर घर से खेलने निकले थे, मोहल्ले के कुत्तों को खिला रहे थे। उसी दौरान भवानीदीन वहाँ खाद डालने आया था, उसके बाद से दोनों बच्चे लापता हो गए। रात को दोनों मासूमों के शव मिलते ही गाँव में चीख-पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार कर दिया। रात 8 बजे से लेकर 1 बजे तक गाँव में हंगामा चलता रहा। सूचना पर एसडीएम और सीओ नरैनी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को काफी समझाया। आखिर में एसडीएम ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।दोनों शवों का पोस्टमार्टम दो डॉ के पैनल से कराया जा रहा है, जिसकी वीडियोग्राफी भी हो रही है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा चुकी है। गाँव में तनाव को देखते हुए कालिंजर और गिरवां थाने की फोर्स तैनात की गई है। पोस्टमार्टम हाउस में सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव,ओम नारायण विदित, व हनुमान दास राजपूत, शिवशरण कुशवाहा, धीरज राजपूत सहित अन्य लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts