मुजफ्फरनगर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, सीएमओ ने जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी,

मुजफ्फरनगर। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने किया। इस दौरान उन्होंने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी।

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और डायरिया सहित कई संचारी रोग संक्रमित मच्छरों, दूषित पानी, गंदगी और अस्वच्छ वातावरण के कारण फैल सकते हैं। इनसे बचाव के लिए साफ-सफाई रखना, स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करना, मच्छरों से बचाव करना और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच व उपचार कराना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा बुखार या अन्य लक्षण होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनसहभागिता जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों और आमजन के सहयोग से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, मच्छरों के स्रोतों की पहचान और बुखार रोगियों की जांच जैसी गतिविधियां की जाएंगी। इस अवसर पर डॉ. दिव्या वर्मा, डॉ. गीतांजलि वर्मा, डॉ. शमशेर आलम, एहतिशाम खान, भारती रावत और शोभित सक्सैना सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts