तमंचे से फायर करने वाला दहशतगर्द गिरफ्तार.

बांदा। जिले में दबंगई दिखाना अब महंगा पड़ने वाला है। कोतवाली देहात क्षेत्र में आपसी विवाद में एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर फरार हुआ शातिर आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल की सख्ती के बाद कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे महोखर के पास से दबोच लिया। मामला थाना कोतवाली देहात के ग्राम जारी का है। पीड़ित महन्तु ने पुलिस को बताया था कि गांव के ही कल्लू उर्फ बृजराज ने पुरानी रंजिश में उस पर अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उसे लगी नहीं, लेकिन गांव में दहशत फैल गई। तहरीर मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। लगातार दबिश के बाद मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की तरफ भागने की फिराक में है। सूचना पर थाना कोतवाली देहात पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

तलाशी में उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त कल्लू उर्फ बृजराज पुत्र सुरेन्द्र पाल निवासी ग्राम जारी, थाना कोतवाली देहात, बांदा का निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने बताया कि जनपद में अपराध और अवैध असलहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली देहात में फायरिंग की सूचना मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर टीमों का गठन किया गया था। आरोपी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध शस्त्र रखने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ ऐसी ही कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts