मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की पिछली फिल्मों ने खूब धमाल मचाया है. अब बारी अपकमिंग फिल्मों की है, जिसमें से ‘स्त्री 3’ की रिलीज डेट आगे बढ़ गई है. पिछली दो फिल्मों का कलेक्शन जानिए?श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की ब्लॉकबस्टर हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘स्त्री’ के पार्ट 3 का इंतजार है. जिसे लेकर अब बड़ा अपडेट सामने आ गया है. मेकर्स ने खुलासा किया है कि फिल्म की रिलीज में देरी होगी. इसके लिए फैंस को अब 1-2 साल नहीं, बल्कि 2028 तक का इंतजार करना पड़ेगा.
पहले मैडॉक फिल्म्स की प्लानिंग थी कि ‘स्त्री 3’ को अगस्त 2027 में रिलीज किया जाएगा. लेकिन प्रोड्यूसर दिनेश विजन ने अब बताया कि, फिल्म 2028 में आएगी. यूं तो ‘स्त्री 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद ‘स्त्री 3’ से उम्मीदें भी ज्यादा है. ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, अगर सबकुछ ठीक रहा, तो 1000 करोड़ पार भी कलेक्शन जा सकता है. खैर, इन सबके बीच पिछली दो फिल्मों का कलेक्शन जानिए.
दरअसल श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री’ 2018 में आई थी. फिल्म को करीब 20-25 करोड़ रुपये के बजट से तैयार किया गया था. जहां पिक्चर का नेट कलेक्शन 129.90 करोड़ रुपये रहा था. वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 182.76 करोड़ के पास थी. इस ब्लॉकबस्टर फिल्म से मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की शुरुआत हुई थी.
जबकि, स्त्री 2 को 2024 में लाया गया था, जो उस साल की बड़ी फिल्म थी. इस पिक्चर को करीब 50-60 करोड़ के बजट से तैयार किया गया था. इस पिक्चर का भारतीय नेट कलेक्शन 627.02 करोड़ रुपये रहा था. जबकि, श्रद्धा की फिल्म ने दुनियाभर से 874.58 करोड़ का कारोबार किया है. इस ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. साथ ही हिंदी सिनेमा इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई.
‘स्त्री 2’ सिर्फ फ्रेंचाइजी ही नहीं, बल्कि मैडॉक फिल्म्स के पूरे हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की सबसे बड़ी फिल्म है. जिसने सुपरनैचुरल यूनिवर्स की सभी फिल्मों ‘स्त्री’, ‘रूही’, ‘भेड़िया’, ‘मुंज्या’ को मात दी, साथ ही सबसे ज्यादा कमाई की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘स्त्री 2’ के लिए श्रद्धा को 5 करोड़ रुपये के आसपास पैसे मिले थे.















