शामली । दो भाइयों के बीच हुआ झगड़ा शांत कराने पहुंची डायल 112 की पीआरवी 3030 पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। पथराव में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ड्राइवर ईंट लगने से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से भागकर गन्ने के खेत में घुस गया।पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान घर में तोड़फोड़ करने और परिजनों को बाहर निकालने का भी आरोप है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम मामले को शांत कराने का प्रयास कर रही थी, तभी छत से पथराव शुरू हो गया। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी की तलाश शुरू की गई।गांव कुड़ाना में दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि बड़े भाई इमरान ने घर में रखा सामान तोड़ दिया। विरोध करने पर परिजनों को घर से बाहर गली में भगा दिया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
छत से बरसाए ईंट-पत्थर, गाड़ी क्षतिग्रस्त
सूचना पर डायल 112 की पीआरवी 3030 मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी विवाद शांत कराने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपी ने छत से पुलिस की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और चालक रूपक मलिक को ईंट लग गई। चालक के मुताबिक, वह बाल-बाल बच गए।
गन्ने के खेत में घुसा आरोपीपीआरवी पर तैनात सिपाही अजीत सिंह ने बताया कि गाड़ी में पुलिसकर्मियों की संख्या कम होने का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस के अनुसार, इमरान हाथ में पलकाटी लेकर गन्ने के खेत में घुस गया। सूचना मिलने पर शामली कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर ग्रामीणों से पूछताछ कर विवाद की जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।















