मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत थाना मंसूरपुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने राखी इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं, छात्रों और उनके माता-पिता को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने बताया कि महिलाओं की सहायता और सुरक्षा के लिए वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 और 108 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 उपलब्ध हैं। इसके अलावा बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चुप न रहने और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शामिल रहीं। साथ ही नशा मुक्ति भारत अभियान के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए, ताकि छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक हेल्पलाइन नंबरों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी अन्य लोगों तक भी पहुंचा सकें।















