मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री एवं नवशक्ति यात्रा-2026 की संयोजक ममता अग्रवाल के नेतृत्व में यात्रा के पांचवें दिन नई मंडी स्थित कीर्तन भवन में महिला संवाद एवं धार्मिक सामग्री के सम्मानजनक संग्रह अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करने के साथ धार्मिक आस्था का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अनुपयोगी धार्मिक सामग्री के सम्मानजनक संग्रह के लिए दानपात्र स्थापित किया गया। इस पहल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया कि धार्मिक आस्था से जुड़ी अनुपयोगी सामग्री को इधर-उधर फेंकने के बजाय सम्मानपूर्वक एकत्र कर उसका व्यवस्थित तरीके से सदुपयोग किया जाए। इससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में अंजू गोयल को मंदिर में स्थापित दानपात्र का प्रभारी बनाया गया। मंजू माहेश्वरी ने दानपात्र की स्थापना से पर्यावरण और समाज को होने वाले लाभों की जानकारी दी। संतोष शर्मा और मोनाली पंवार ने कार्यक्रम के सफल संचालन तथा महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर ममता अग्रवाल ने कहा कि नवशक्ति यात्रा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उन्हें अपनी बात रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का जागरूक और सशक्त होना समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। नवशक्ति यात्रा के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में अंजू गोयल, मंजू माहेश्वरी, संतोष शर्मा, ज्योतिका साहनी, भावना गुप्ता, रेखा अग्रवाल, राशि सिंघल, मोनाली पंवार, हिमानी, निरुपमा और निशु सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं। नवशक्ति यात्रा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।















