मिशन शक्ति 6.0: परिवार परामर्श केन्द्र का एसएसपी ने किया उद्घाटन.

मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर स्थित परिवार परामर्श केन्द्र का जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ भी उपस्थित रहीं। केन्द्र के नवीनीकरण का कार्य उनके निर्देशन एवं मार्गदर्शन में कराया गया। इसमें माइक्रोनेट आईटी एजुकेयर सोसाइटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा, महिला परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी लतेश वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

परिवार परामर्श केन्द्र का मुख्य उद्देश्य वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों का समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाना और दंपत्तियों के बीच आपसी संवाद, विश्वास तथा सामंजस्य बढ़ाना है। केन्द्र में पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मतभेदों को काउंसलिंग एवं मध्यस्थता के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया जाता है, ताकि दोनों पक्ष आपसी समझ और सहमति से विवादों का समाधान कर सकें।

नवीनीकरण के तहत काउंसलरों के बैठने और परामर्श देने के स्थान को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। इसके साथ ही परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी के कार्यालय का भी नवीनीकरण कराया गया है। केन्द्र की दीवारों पर सकारात्मक संदेश देने वाली वॉल पेंटिंग बनाई गई हैं, जिनमें परिवार में प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान, एकता और साथ रहने के महत्व को दर्शाया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य केन्द्र में आने वाले दंपत्तियों को सहज एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ पारिवारिक विवादों के निस्तारण पर भी जोर दिया जा रहा है। परिवार परामर्श केन्द्र का नवीनीकरण इसी पहल का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य परिवारों में आपसी विश्वास बढ़ाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम करना है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts