बाँदा।जनपद में मौत बनकर दौड़ रहे ट्रक ने दो जिंदगियां छीन लीं। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के बबेरू रोड स्थित ग्राम गुरैहा एनर्जी गार्डन के पास देर रात बाइक और ट्रक में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में मामा बबेरू कस्बे का और भांजा खपटिहा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज बांदा में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया इस पूरे मामले पर सीओ सिटी प्रतिज्ञा सिंह ने बाइट देते हुए कहा ग्राम गुरैहा एनर्जी गार्डन के पास से सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच एक्सीडेंट हो गया है, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज बांदा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की दुखद मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा मृतकों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। देहात कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।














