युवा जागृति मिशन कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र.

मुजफ्फरनगर। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें सकारात्मक जीवन मूल्यों का संचार करने के उद्देश्य से युवा जागृति मिशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता इंजीनियर पाल तोमर, रोहिणी दिल्ली ने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार अपनाने, अनुशासन में रहने और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता पाल तोमर, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, राजकुमार मलिक, नितिन कुमार तथा योग शिक्षक सतकुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला में पाल तोमर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान अच्छी आदतें अपनाकर और बुरी आदतों से दूर रहकर जीवन को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को गलत संगति से बचने, नशे से दूर रहने तथा माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि युवावस्था में अपनाई गई आदतें भविष्य की दिशा तय करती हैं, इसलिए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहना चाहिए।

उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थी डिजिटल माध्यमों पर अनावश्यक समय बिताने के बजाय पढ़ाई, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान दें। तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताया।

प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, जिम्मेदार और सफल नागरिक बनाना भी है। उन्होंने ऐसी कार्यशालाओं को चरित्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा मिली।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts