मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने नकली करेंसी बनाने और चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई है। इसके अलावा दिल्ली के नरेला स्थित एक फ्लैट से एक लाख 26 हजार 500 रुपये की नकली करेंसी और नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्रपाल सिंह और थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मेरठ-करनाल हाईवे पर वाजिद के होटल के बराबर में बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर ट्यूबवेल के पास कुछ लोग नकली नोट लेकर खड़े हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध तीन व्यक्तियों की तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से चार लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शुभम निवासी ग्राम सांकरौद, थाना खेकड़ा, जिला बागपत, हाल निवासी नरेला दिल्ली, महेंद्र निवासी ग्राम कनौठा, थाना सतपुली, जिला पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड और टीनू निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना सरधना, जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी शुभम ने दिल्ली के नरेला स्थित अपने फ्लैट में नकली नोट बनाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली, जहां से एक लाख 26 हजार 500 रुपये की जाली करेंसी, लैपटॉप, कलर प्रिंटर, कॉटन पेपर के बंडल और बटर पेपर के बंडल समेत अन्य सामान बरामद हुआ।पुलिस ने इस मामले में थाना बुढ़ाना पर मुकदमा अपराध संख्या 464/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
















