मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) कंट्रोल रूम, आपदा कंट्रोल रूम तथा जिला जनगणना सेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कार्यालयों में संचालित कार्यों, उपलब्ध व्यवस्थाओं और अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित कक्षों में कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित नियमों और समयसीमा के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में तत्परता, पारदर्शिता और आपसी समन्वय बनाए रखना जरूरी है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि आमजन से जुड़े कार्यों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
गंभीर सिंह ने स्पष्ट किया कि जनहित से संबंधित मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में अभिलेखों का उचित रखरखाव किया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यालयों का वातावरण स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।निरीक्षण के दौरान अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह, राहत सहायक नासिर हुसैन, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिंस जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















