वार्ड 41 में होम कंपोस्टर वितरित, गीले कचरे से खाद बनाने के लिए किया जागरूक.

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत वार्ड संख्या 41 में होम कंपोस्टर जागरूकता एवं वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को घरों से निकलने वाले गीले कचरे का उचित निस्तारण करने और उससे जैविक खाद तैयार करने के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान वार्डवासियों को होम कंपोस्टर के महत्व और उसके उपयोग की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में नागरिकों को बताया गया कि घरों से निकलने वाले गीले कचरे, जैसे फल-सब्जियों के छिलके और अन्य जैविक अपशिष्ट का उपयोग होम कंपोस्टर के माध्यम से जैविक खाद बनाने में किया जा सकता है। तैयार खाद का इस्तेमाल घरों में लगे पौधों, बगीचों और आसपास के पेड़-पौधों में किया जा सकता है। इससे जहां कचरे की मात्रा कम होगी, वहीं कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही जैविक खाद के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित होगी।

इस अवसर पर वार्ड सभासद हिमांशु कौशिक ने पात्र लाभार्थियों को होम कंपोस्टर वितरित किए। उन्होंने वार्डवासियों को होम कंपोस्टर का नियमित उपयोग करने और अपने घरों से निकलने वाले गीले कचरे का सही प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन से रुचि शर्मा, सफाई नायक सोमपाल सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नगर पालिका की इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरा प्रबंधन में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts