मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक और पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक बालियान के नेतृत्व में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के किसानों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक मांगी लाल जाट से मुलाकात की। करनाल स्थित केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान में हुई इस मुलाकात के दौरान किसानों ने गन्ने की प्रजाति 20016 को विमोचित किए जाने पर आभार जताया। साथ ही किसान हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ने की प्रजाति 21012 को भी जल्द विमोचित करने का आग्रह किया।
किसानों ने कहा कि गन्ने की नई प्रजातियों का समय पर विमोचन होने से किसानों को बेहतर विकल्प मिल सकेंगे और गन्ने की खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रजाति 21012 को जल्द जारी करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।इस पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक मांगी लाल जाट ने किसानों को आश्वासन दिया कि निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार गन्ने की प्रजाति 21012 को जल्द विमोचित करने का प्रयास किया जाएगा। उनके आश्वासन पर किसानों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस प्रजाति को किसानों के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर किसानों ने महानिदेशक मांगी लाल जाट को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुलाकात में उत्तर प्रदेश के प्रगतिशील किसान कुलवीर सिंह प्रधान, बिजनौर, नरेंद्र माटियान, अजय पिंडोरा, जसवीर सिंह लाडवा, कर्मवीर यमुनानगर और पुष्पेंद्र सहित सैकड़ों किसान शामिल रहे। किसानों ने कहा कि कृषि अनुसंधान संस्थानों और किसान संगठनों के बीच संवाद से किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके हित में फैसले कराने में मदद मिल सकती है।















