अफगानिस्तान एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों से हिल गया। सोमवार सुबह देश के मजार-ए-शरीफ शहर में 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसने लोगों में अफरा-तफरी मचा दी। झटके इतने तेज थे कि लोग नींद से उठकर सड़कों पर निकल आए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मजार-ए-शरीफ के पास 28 किलोमीटर की गहराई में था। यह शहर अफगानिस्तान के सबसे बड़े शहरों में से एक है, जिसकी आबादी लगभग 5.23 लाख है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस भीषण भूकंप में अब तक कम से कम सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 150 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
भूकंप के बाद USGS ने अपने PAGER सिस्टम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो यह संकेत देता है कि भारी जनहानि और व्यापक नुकसान की संभावना है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरें और वीडियो देश में फैली तबाही की भयावहता को दिखा रहे हैं। मजार-ए-शरीफ के एक घर की सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि झटके कितने तेज थे। वहीं, कई वीडियो में राहतकर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान भूकंप प्रवण क्षेत्र में स्थित है, जहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं। इससे पहले अगस्त में आए 6.0 तीव्रता के भूकंप में 2,200 लोगों की मौत हुई थी। लगातार आ रहे ये भूकंप देश में विनाश की नई कहानियां छोड़ रहे हैं। राहत एजेंसियां अभी भी प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।















