कप्तान ईशान किशन (111*) के नाबाद शतक की बदौलत ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। पहले दिन स्टंप तक ईस्ट जोन ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर 385 रन बना लिए हैं। ईशान और कुमार कुशाग्र (63) अभी नाबाद हैं। ऐसे में दूसरे दिन टीम की नजर बड़े स्कोर पर होगी। दूसरी ओर साउथ जोन को शुरुआत में ही विकेट चटकाने होंगे।
फिफ्टी लगाने के बाद अभिमन्यु ईश्वरन रन आउट हुए। उन्होंने 86 गेंदों का सामना किया और 72 रन बनाए। सुदीप कुमार घरामी का बल्ला नहीं चला और वह 6 रन ही बना पाए। इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने शिखर मोहन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। 53वें ओवर में चामा वी मिलिंद ने मोहन को बोल्ड किया। मोहन शतक से चूक गए और 85 रन बनाकर पवेलियन लौटे।इस बीच ईशान किशन ने बाउंड्री के साथ 122 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इतना ही नहीं उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 4000 रन भी पूरे हुए। ईशान किशन का यह 10वां फर्स्ट-क्लास शतक है। दिन का खेल समाप्त होने तक ईशान 135 गेंदों पर 111 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं कुमार कुशाग्र भी उनका साथ दे रहे हैं और 63 रन बनाकर डटे हुए हैं।























































