चैंपियन बनते ही अस्पताल क्यों पहुंची पूरी टीम?

केरल क्रिकेट लीग 2026 के खिताबी मुकाबले में त्रिशूर टाइटंस ने कालीकट ग्लोबस्टर्स को 3 विकेट से हराकर अपना पहला ऐतिहासिक खिताब जीत लिया. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड्स इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल में मिली जीत के बाद टाइटंस के खिलाड़ियों ने एक ऐसा दिल छू लेने वाला कदम उठाया, जिसने सभी फैंस का दिल जीत लिया. चैंपियन बनने के तुरंत बाद पूरी टीम सीधे तिरुवनंतपुरम के अस्पताल पहुंची और जहां भर्ती अपने चोटिल साथी खिलाड़ी शॉन रोजर की गोद में ट्रॉफी रखकर जीत का जश्न मनाया गया.

मैदान पर हुआ था भयानक हादसा

दरअसल, फाइनल मुकाबले में फील्डिंग के दौरान एक कैच लपकने की कोशिश में शॉन रोजर अपने ही साथी खिलाड़ी मोहम्मद इनान से टकरा गए थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनान का घुटना सीधे रोजर के सीने में लगा. इसके असर से शॉन रोजर मैदान पर ही करीब 1 मिनट तक अचेत हो गए. जिसके चलते मेडिकल टीम ने तुरंत मैदान पर आकर उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया.ऐसे में टीम ने खिताब जीतने के बाद बड़ा फैसला लिया और पूरी टीम अस्पताल पहुंच गई. अस्पताल के बिस्तर पर जब टीम ट्रॉफी लेकर पहुंची, तो रोजर के बाएं हाथ में स्लिंग बंधी हुई थी. साथी खिलाड़ियों ने भावुक होकर ट्रॉफी उनकी गोद में रख दी. इस खास पल का वीडियो शॉन रोजर ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और हर कोई इसकी तारीफ कर रहा है.

टूर्नामेंट में शॉन रोजर का अहम योगदान

शॉन रोजर त्रिशूर टाइटंस के खिताबी सफर के अहम स्तंभ रहे. उन्होंने 12 मैचों में 26.90 के औसत और 120.63 के स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए, जिसमें एक शानदार अर्धशतक भी शामिल रहा. वहीं, लीग स्टेज में त्रिशूर 10 मैचों में 5 जीत और 11 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रही थी. फिर सेमीफाइनल में त्रिशूर ने त्रिवेंद्रम रॉयल्स को 1 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया. पिछले सीजन सेमीफाइनल में 10 विकेट की करारी हार झेलने वाली टाइटंस ने इस बार न सिर्फ खिताब जीता, बल्कि साथी खिलाड़ी के प्रति टीम स्पिरिट दिखाकर मिसाल भी कायम की.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts