मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के गांव छपरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात मंदिर जा रही नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप पीड़िता के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल सहित स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
गौरव स्वरूप ने पीड़िता के परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नाबालिग के साथ अपराध बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है। ऐसे मामलों में पुलिस को पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।परिजनों से मुलाकात के बाद गौरव स्वरूप ने छपार क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी से बातचीत कर मामले की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की मांग की।
उन्होंने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि परिजनों की मांग है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।























































