मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना पुलिस ने युवक की मौत के मामले में उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर युवक को नशीली दवा देने का आरोप है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नशीली गोलियां और उनके रेपर भी बरामद किए हैं। रतनपुरी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्रवधू तबस्सुम ने अपने प्रेमी शाहरुख के साथ मिलकर उसके पुत्र राकिब को नशीली दवा दे दी थी। हालत बिगड़ने पर राकिब को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 149/2026 के तहत धारा 105 और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सुराग जुटाते हुए शनिवार 12 सितंबर को मामले में वांछित आरोपी तबस्सुम और शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से नशीली गोलियां और उनके रेपर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।























































