मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा ने किसान, मजदूर, गरीब और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संगठन ने 10 प्रमुख मांगें उठाते हुए सरकार से जनहित में ठोस कदम उठाने की अपील की। संगठन ने दिल्ली के साकेत थाने में महिला पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों और मजदूरों के हितों के प्रतिकूल प्रावधानों को समाप्त करने की मांग रखी गई।
मोर्चे ने पूरे देश में एमएसपी को कानूनी गारंटी के साथ समान रूप से लागू करने और बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की। गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने तथा किसानों और मजदूरों के कर्ज माफ करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स स्तर का अस्पताल स्थापित करने, पेंशन बढ़ाकर 5 हजार रुपये प्रतिमाह करने और किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए किसान आयोग गठित करने की मांग की गई। वहीं, मुजफ्फरनगर के निजी अस्पतालों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी संगठन ने उठाई।























































