शामली |आदर्श मंडी थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33 केवी बिजली तार के दो बंडल बरामद किए हैं, जिनका वजन करीब 40 से 45 किलो बताया गया है। इसके अलावा एल्यूमिनियम तार के कटपीस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कांधला के मोहल्ला शेखजादगान निवासी शाहिद, कैराना के मोहल्ला आलखुर्द निवासी कसीम और मोहल्ला अंसारियान निवासी परवेज उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने शामली, टिटौली, बनत, खेड़ापट्टी, बुड़ीनाखुर्द, धौलड़ी, लांक, बहावड़ी और झाल समेत विभिन्न क्षेत्रों में बिजली के तार चोरी करने की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात के समय बिजली के खंभों से तार काटकर सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे। इसके बाद मौका देखकर तारों को अलग-अलग स्थानों पर बेच देते थे। पुलिस अब बरामद तारों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ शामली और मुजफ्फरनगर में विद्युत अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














