बाँदा। यूपी में योगी सरकार अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए भले ही ऑपरेशन लंगड़ा और बुलडोजर एक्शन चला रही हो, लेकिन बांदा में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने दिनदहाड़े कानून को सीधा ठेंगा दिखा दिया। कमासिन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ हुई घिनौनी वारदात ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। पीड़िता कमासिन के एक स्कूल में पढ़ती है, 18 सितंबर की सुबह रोज की तरह ई-रिक्शा से स्कूल जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही दो दबंग युवकों लक्ष्मीकांत उर्फ पेड़ा पुत्र रमेश शुक्ला और खुशहाल पुत्र लवकुश ने अपनी फोर व्हीलर से ई-रिक्शा को आगे लगाकर रोक लिया।
आरोप है कि दबंगों ने ई-रिक्शा में बैठी अन्य दो छात्राओं को तो स्कूल में उतार दिया, लेकिन पीड़ित नाबालिग को जबरन, तमंचे और लाइसेंसी बंदूक के बल पर अपनी गाड़ी में खींच लिया और उसके साथ अश्लील हरकत की। किसी तरह दबंगों के चंगुल से छूटी पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई, जिसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता की तहरीर पर कमासिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 137/2, 75, 7 व 8 के तहत मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि दबंग मुकदमा वापस लेने के लिए उसे लगातार धमका रहे हैं और खुलेआम गांव में घूम रहे हैं। डरी-सहमी पीड़िता अब न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के दरवाजे पर पहुंची है। पीड़िता ने एसपी से हाथ जोड़कर गुहार लगाई है कि दबंगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके साथ न्याय किया जाए, नहीं तो आरोपी उसके साथ कोई भी बड़ी वारदात कर सकते हैं।















