FSSAI ने फूड सेफ्टी रूल्स के उल्लंघन पर बड़ा एक्शन लिया है. FSSAI ने गंभीर हाइजीन कमियां मिलने के बाद क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिया है. वहीं, एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच को मार्केट से वापस लेने का आदेश दिया गया है. जांच में जीरा पाउडर का सैंपल फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड पर खरा नहीं उतरा और इसे अनसेफ यानी खाने के लिए सुरक्षित नहीं माना गया.लैब रिपोर्ट के बाद FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स को प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की संबंधित पूरी बैच को तुरंत मार्केट से वापस लेने का आदेश दिया है. इस प्रोडक्ट का बैच नंबर E080668761 है. कंपनी को मार्केट से वापस लिए जा रहे प्रोडक्ट का पूरा रिकॉर्ड रखने और तय समय के अंदर इससे जुड़ी जानकारी और स्टेटस रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है. FSSAI ने कंपनी को आगे ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी सुधार करने को भी कहा है.
बेकरी में गंदगी और कीड़े मिले
FSSAI की जांच के दौरान क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स की बेकरी में कई गंभीर हाइजीन और सफाई से जुड़ी कमियां मिलीं. जांच में फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं.इसके अलावा जल्दी खराब होने वाले कच्चे सामान को खुले में रखा गया था. कच्चे और आधे तैयार प्रोडक्ट रखने के लिए जंग लगे और ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनर इस्तेमाल किए जा रहे थे. परिसर में कीड़ों की समस्या भी मिली और पेस्ट कंट्रोल का इंतजाम पर्याप्त नहीं था.जांच में यह भी पाया गया कि मक्खियों को रोकने का इंतजाम ठीक नहीं था और चूहों से बचाव के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. खिड़कियों और दूसरी जगहों पर कीड़ों को रोकने वाली जाली भी नहीं लगी थी.
फूड एरिया में कचरा और खराब सामान मिला
FSSAI की जांच में फूड हैंडलिंग एरिया में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्ट किया गया सामान और स्क्रैप भी मिला. इसके अलावा कुछ मशीनों पर जंग लगी थी. दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था और परिसर में सीलन की समस्या थी. कुछ जगहों पर फर्श की टाइलें भी टूटी हुई मिलीं.जांच के दौरान फूड सेफ्टी से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और सिस्टम भी ठीक से मेंटेन नहीं किए गए थे. इनमें पानी और तैयार प्रोडक्ट की टेस्टिंग, समय और तापमान की निगरानी, मशीनों की जांच, जरूरी मेंटेनेंस, मॉक रिकॉल, कस्टमर शिकायत, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट रिकॉर्ड शामिल हैं.
FSSAI licence of Creative Bakers and Confectioners Pvt. Ltd. has been suspended with immediate effect due to severe hygiene deficiencies.
Everest Food Products Private Limited has been directed to immediately recall “Pre-packed Cumin Powder” after tests declared the sample “UNSAFE”
— ANI (@ANI) October 4, 2026
क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस सस्पेंड
इन कमियों को देखते हुए FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिया. कंपनी को सस्पेंशन की अवधि के दौरान सभी फूड बिजनेस एक्टिविटी रोकने का निर्देश दिया गया है.FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच पर भी एक्शन लिया है. यह सैंपल गोवा के रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से लिया गया था.फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट में जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम नाम के पेस्टिसाइड के अवशेष तय लिमिट से ज्यादा पाए गए. इसके बाद सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत अनसेफ घोषित किया गया.
दोबारा जांच में भी जीरा पाउडर अनसेफ
फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट के खिलाफ कंपनी को अपील का मौका दिया गया था. इसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया.रेफरल फूड लैबोरेटरी की जांच में भी जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम की मात्रा तय लिमिट से ज्यादा पाई गई. लैब ने भी सैंपल को अनसेफ घोषित किया.















