बांदा। घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या की कोशिश करने वाला शातिर गैंगस्टर आखिरकार बांदा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसपी पलाश बंसल के अपराधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत थाना नरैनी पुलिस ने 3 महीने से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर रवि को कच्ची सड़क तिराहे से दबोच लिया।26 जून 2026 को कस्बा नरैनी निवासी राहुल अपने घर में था, तभी राजनगर निवासी रवि हाथ में चाकू लेकर घर में घुस आया और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर राहुल को लहूलुहान कर दिया। राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों की चीख-पुकार पर हमलावर मौके से फरार हो गया। 29 जून को पीड़ित राहुल ने थाना नरैनी में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन शातिर होने के कारण वह पुलिस को चकमा देता रहा।
4 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कच्ची सड़क तिराहे पर देखा गया है। नरैनी पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पुलिस रिकॉर्ड में गिरफ्तार अभियुक्त रवि पुत्र रामचन्द्र निवासी राजनगर, कस्बा नरैनी एक शातिर अपराधी है। उस पर पहले से गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। एसपी पलाश बंसल ने कहा कि जिले में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घर में घुसकर हमला करने जैसे जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुसार कार्य किया जा रहा है।















