मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान-6.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में महिला थाना एवं परिवार परामर्श केंद्र की ओर से सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ और सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से काउंसलिंग कर आपसी विवाद सुलझाने वाले 75 से अधिक दंपतियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अनुभव और सुझाव भी प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम में दंपतियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पुलिस और परिवार परामर्श केंद्र के प्रयासों से उनके पारिवारिक विवादों को सुलझाने, आपसी मतभेद दूर करने और रिश्तों में विश्वास बढ़ाने में मदद मिली। काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें एक-दूसरे की बात समझने और आपसी सहमति से समस्याओं का समाधान निकालने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवाद और समझदारी के जरिए सुलझाना तथा परिवारों को टूटने से बचाकर उनमें सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।
इस कार्य में परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी निरीक्षक लतेश वर्मा, महिला थानाध्यक्ष प्रीति चहल, काउंसलर बीना शर्मा, प्रसन्न कुमार, गजाला यासमीन और अशोक बाटला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा नियमित रूप से काउंसलिंग कर दंपतियों के बीच विवादों का समाधान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुजफ्फरनगर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के साथ पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने और परिवारों में आपसी समन्वय स्थापित करने की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही।















