एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने सांसद चंदन चौहान को बताईं समस्याएं.

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंदन सिंह चौहान से उनके आवास पर मुलाकात कर एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों से अवगत कराया। जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें कई मूलभूत सुविधाओं और जायज मांगों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य बीमा, प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत मानदेय वृद्धि, लॉयल्टी बोनस समेत अन्य मांगें सांसद के समक्ष रखीं। डॉ. सचिन जैन ने बताया कि सांसद चंदन सिंह चौहान ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता और सहानुभूति के साथ सुना। उन्होंने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारियों की मांगें जायज हैं और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए।

सांसद ने आश्वासन दिया कि वह कर्मचारियों की समस्याओं को आगामी लोकसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही प्रदेश स्तर पर उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। सांसद ने स्वास्थ्य बीमा, मानदेय वृद्धि और लॉयल्टी बोनस जैसी सुविधाओं को कर्मचारियों की आवश्यक जरूरत बताते हुए कहा कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाले कर्मचारियों को इन सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के सहयोग के लिए आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि लोकसभा में मुद्दा उठने से वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होगी। इस अवसर पर डॉ. सचिन जैन, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. फैसल सिद्दीकी, स्टाफ नर्स डिंपल रानी, डाटा ऑपरेटर हजरत अली, संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts