सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट में जान पर खेलकर इजरायलियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन पायलट स्मित मच्छार की सेहत पर बड़ा अपडेट दिया है। कैप्टन स्मित मच्छार फ्लाईदुबई की फ्लाइट लेकर दुबई से तेल अवीव जा रहे थे।इसी दौरान उनके को-पायलट ने उन पर चाकू से हमला बोल दिया और विमान को क्रैश कराने की कोशिश की थी। कैप्टन मच्छार ने घायल होते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद दूसरे यात्रियों ने हमलावर को-पायलट पर काबू पाया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक बयान में रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि सऊदी अरब में मौजूद दोनों भारतीय मिशन कैप्टन मच्छार की सेहत से जुड़ी जानकारी पर नजर रखे हुए हैं। दूतावास ने बताया कि पायलट अभी उत्तर-पश्चिम सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें जरूरी इलाज मिल रहा है।
भारतीय दूतावास ने कहा कि उन्हें कैप्टन मच्छार की सेहत के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है, लेकिन शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि उनकी हालत स्थिर है। दूतावास ने कहा कि “हमें उम्मीद है कि वे जल्द ही अपनी चोटों से उबर जाएंगे।” भारतीय मिशन ने बताया कि वे कैप्टन मच्छार के परिवार के संपर्क में हैं।
यात्रियों को बचाने के लिए को-पायलट से भिड़ गए थे मच्छार
कैप्टन मच्छार की असाधारण बहादुरी के लिए दुनिया भर में उनकी तारीफ हो रही है। इजराइली मीडिया के अनुसार, फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन मच्छार ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गये। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा।
इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गये। समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इज़राइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था।
नेतन्याहू ने मच्छार की बताया सच्चा हीरो
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि मच्छार को सच्चा हीरो बताया है। नेतन्याहू ने कहा कि घायल होने के बावजूद उन्होंने को-पायलट से मुकाबला करके भयावह हादसे को टाल दिया। उन्होंने कहा, ”असाधारण बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को मेरा सलाम।” नेतन्याहू ने इससे पहले कहा था कि एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और कथित तौर पर यात्रियों से भरे विमान को गिराने की कोशिश की।















