मुजफ्फरनगर। गांधी जयंती के अवसर पर विशेष जागरूकता अभियान के तहत वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज, नई मंडी में छात्राओं को पोक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बाल यौन अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रेखा रहीं। बाल कल्याण विभाग से पिंकी रानी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। लीगल डिफेंस काउंसलर नाहिदा एवं गौरव ने छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी। नई मंडी थाना पुलिस की ओर से कांस्टेबल दुर्गेश और सुभाष भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।वक्ताओं ने छात्राओं को पोक्सो अधिनियम-2012 के तहत बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान किए जाने की जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया और किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असहज स्थिति होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं से कहा गया कि वे अपनी किसी भी समस्या या घटना को छिपाने के बजाय माता-पिता, शिक्षिकाओं अथवा भरोसेमंद जिम्मेदार व्यक्ति के साथ साझा करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. राजेश कुमारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।















