मुजफ्फरनगर। नगर पालिका सदर मुजफ्फरनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल का मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान कृषि विभाग की टीम ने किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और आधुनिक कृषि व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। स्टॉल पर विषय वस्तु विशेषज्ञ मीतू, सहायक विकास अधिकारी राजकुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर निकुंज मलिक, बीटीएम तथा प्राविधिक सहायकों ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने किसानों को फार्मर्स रजिस्ट्री के महत्व के बारे में बताया। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसलों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किए जाने की प्रक्रिया और इससे किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। कृषि अनुदान से संबंधित योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी किसानों को विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से पंजीकरण कराने की अपील की।
स्टॉल के माध्यम से किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया गया। किसानों से अपील की गई कि फसल अवशेष को खेतों में न जलाएं, क्योंकि इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके स्थान पर कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक विधियों से फसल अवशेषों का प्रबंधन करने की सलाह दी गई।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से किसानों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। कृषि विभाग की टीम ने किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विभाग का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है।















