मुजफ्फरनगर। जनपद में यातायात नियमों के प्रति जनमानस में जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित परिवहन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नवंबर माह को “यातायात माह” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 नवंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में दीप प्रज्वलित कर “यातायात माह नवम्बर-2025” का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में एनसीसी के अधिकारी कर्नल प्रवीण भाल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात सिन्हा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा, सीएफओ अनुराग कुमार, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग और विभिन्न संस्थानों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात माह के दौरान जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया जाएगा। साथ ही सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, काली फिल्म, नो-एंट्री उल्लंघन तथा अन्य नियम विरुद्ध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी से अपील की गई कि वे सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, शराब के नशे में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर का प्रयोग करें तथा नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
शुभारंभ कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और कर्नल प्रवीण भाल ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों से होती हुई शिव चौक पर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को डिस्प्ले, पोस्टर, स्लोगन और प्रदर्शन के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान की भी रक्षा करें। इस अवसर पर यातायात माह के सफल संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
















