मुजफ्फरनगर में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत एक वांछित तस्कर को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना सिविल लाइन पुलिस टीम ने आरोपी अनुज कुमार उर्फ भोला सैनी पुत्र सुन्दरपाल सैनी निवासी न्याजुपुरा वार्ड नंबर 8, रामलीला टीला को मॉल रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1200 नशीली गोलियां Alprazolam Tablet बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29 के तहत दर्ज मुकदमे में की गई है, जिसमें अभियुक्त पूर्व से वांछित था।
पुलिस को 24 सितंबर को एएम मेडिकल स्टोर, कच्ची सड़क पर नशे के इंजेक्शन लगाने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि राहुल नामक व्यक्ति के साथ-साथ अनुज सैनी और उसके पड़ोसी सुमित अपने घरों में बिना वैध औषधि लाइसेंस के नशीली दवाओं का अवैध भंडारण कर रहे थे। इस पर नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर व सहारनपुर की संयुक्त टीम ने सिविल लाइन पुलिस के सहयोग से छापेमारी की थी, जिसमें बड़ी मात्रा में मन:प्रभावी दवाएं जब्त की गईं। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया था कि ये सभी दवाएं अनुज सैनी से प्राप्त करते थे। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।















