मुजफ्फरनगर। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अन्तर्गत मीनाक्षी चौक पर पिंक बूथ की स्थापना की गई। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से पिंक बूथ का उद्घाटन कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आदित्य बंसल, अपराध पुलिस अधीक्षक इन्दु सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
पिंक बूथ की स्थापना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना और उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति का मूल लक्ष्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाना है। इसके माध्यम से समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत होगा।
विशेष रूप से इस पिंक बूथ का संचालन पूर्णतः महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किया जाएगा। यहां पर आने वाली प्रत्येक महिला एवं बालिका की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मी उन्हें महिला उत्थान से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी भी देंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
शुभारम्भ कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा और सम्मान हेतु तत्पर है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की पहल से समाज में महिलाओं की भूमिका और अधिक मजबूत होगी और उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और पिंक बूथ की कार्यप्रणाली को समझा। उपस्थित जनसमूह ने इस प्रयास की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस बूथ की स्थापना से महिलाओं को अपने मुद्दों और शिकायतों के समाधान के लिए एक सहज और सुरक्षित मंच प्राप्त होगा।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित यह पहल न केवल महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करेगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। इस मौके पर पुलिस प्रशासन ने यह संदेश स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और समाज के हर वर्ग का सहयोग लेकर इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।

















