मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने एकेडमिक ईयर 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. इसमें राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में होने वाली भर्ती परीक्षाओं की संभावित तारीखें घोषित की गई हैं. आयोग के कैलेंडर में कुल 25 भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल शामिल है. इसके अनुसार, राज्य सेवा और राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को होगी. वहीं, राज्य सेवा की एक विशेष प्रारंभिक परीक्षा भी 2 मई को आयोजित की जाएगी. इससे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की योजना बनाने में मदद मिलेगी.MPPSC की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, वर्ष 2027 से ‘युवा वर्ष’ पहल के तहत राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी. पहली परीक्षा 24 जनवरी और दूसरी विशेष प्रारंभिक परीक्षा 2 मई 2027 को निर्धारित की गई है. इसके अलावा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 10 से 15 मई तक आयोजित होगी. वहीं, विशेष प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के लिए राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 9 से 14 अगस्त 2027 तक प्रस्तावित है. आयोग ने परीक्षा कैलेंडर पहले जारी कर दिया है ताकि अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके.
इन परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित
आयोग के कैलेंडर के मुताबिक, राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 14 फरवरी को होगी. राज्य पात्रता परीक्षा (SET) का आयोजन 7 मार्च को किया जाएगा. पशु चिकित्सा सहायक सर्जन, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी और उप निदेशक सहित कुछ अन्य पदों की परीक्षाएं 18 अप्रैल को निर्धारित हैं. राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल को होगी. इसके बाद 30 मई को सहायक रजिस्ट्रार परीक्षा आयोजित की जाएगी. आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी परीक्षाएं 27 जून को होंगी. जुलाई में सहायक प्रोफेसर, खेल अधिकारी और पुस्तकालयाध्यक्ष की परीक्षाएं 4 जुलाई को प्रस्तावित हैं. वहीं, सहायक प्रबंधक और खनन निरीक्षक परीक्षा 25 जुलाई को होगी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा 1 अगस्त को आयोजित की जाएगी.
सितंबर से अक्टूबर तक इन परीक्षाओं का आयोजन
सितंबर में वैज्ञानिक अधिकारी (भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीवविज्ञान) और कर सहायक परीक्षा 26 सितंबर को होगी. इसके बाद 17 अक्टूबर को पॉलीटेक्निक कॉलेज के व्याख्याता पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी.
परीक्षा कैलेंडर अस्थायी
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि MPPSC की ओर से जारी परीक्षा कैलेंडर फिलहाल अस्थायी है. संबंधित सरकारी विभागों से आदेश मिलने के बाद ही आयोग की ओर से परीक्षाओं के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी की जाएगी. इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, एज लिमिट और अन्य जरूरी जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार करना होगा.















