औरैया। देवों की दीपावली यानी देव दीपावली के पावन अवसर पर श्री कालेश्वर धाम देवकली मंदिर में 24 नवंबर को भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में होने वाले इस महोत्सव में 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर मंदिर परिसर को दीपों की रोशनी से जगमगाया जाएगा।
महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए नगर के युवा एवं समाजसेवी तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन की तैयारियों में अभिषेक तिवारी, रवि चौहान, शिवम सक्सेना, हैप्पी ठाकुर, सत्यम गौर, जलज भार्गव, देवाशीष नायक, विपुल सक्सेना, विपिन विश्नोई, प्रतीक सोनी और आकाश पुरवार सहित अन्य युवा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।युवा टीम दीप सजावट, धार्मिक झांकियों, आतिशबाजी और आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। महोत्सव में 51 हजार दीपों की भव्य दीपमाला, आकर्षक आतिशबाजी, मनमोहक धार्मिक झांकियां और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
शाम पांच बजे से होगा आयोजन
मंगलवार, 24 नवंबर को शाम पांच बजे से श्री कालेश्वर धाम, देवकली मंदिर में महोत्सव का शुभारंभ होगा। सनातन सेवा समिति एवं युवा टीम ने जनपदवासियों से सपरिवार और इष्ट-मित्रों के साथ पहुंचकर देव दीपावली महोत्सव में शामिल होने तथा आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।















