मुजफ्फरनगर। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को पुलिस लाइन परिसर में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी जारी होने, ब्लैकआउट कराने, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया। सिविल डिफेंस और आपदा मित्रों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाया गया। दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाकर आपात स्थिति का संकेत दिया गया।
इसके बाद निर्धारित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया गया। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में पहुंचने की प्रक्रिया समझाई गई। खतरा समाप्त होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक ऑल क्लियर सायरन बजाया गया, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू हुआ। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने अग्निशमन यंत्रों से छोटी आग बुझाने का अभ्यास किया, जबकि बड़ी आग पर काबू पाने के लिए फायर सर्विस की टीम ने फायर टेंडर वाहन का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल में क्षतिग्रस्त और ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास किया गया।
इस दौरान पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, आपूर्ति विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाई। अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपातकालीन स्थिति में विभागों की तत्परता, समन्वय और राहत-बचाव क्षमता को परखना रहा। मॉकड्रिल में उपजिलाधिकारी राहुल देव भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमित यादव, पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी, असिस्टेंट जिला विद्यालय निरीक्षक आशीष द्विवेदी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू, आपदा सहायक नासिर हुसैन, गुलफाम अहमद, अकाउंटेंट प्रिंस और प्रवेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
















