बांदा। कस्बा नरैनी के गांधीनगर मोहल्ले में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने सबको झकझोर दिया। घरेलू कलह से परेशान 52 वर्षीय द्वारिका सेन पुत्र प्रेम नारायण ने अपने घर में जान दे दी।जानकारी के मुताबिक द्वारिका सेन मूल रूप से मटाऊध गांव के रहने वाले थे। करीब 7 साल पहले उन्होंने नरैनी कस्बे के गांधीनगर मोहल्ले में जमीन खरीदकर अपना घर बनाया था और वहीं अकेले रह रहे थे।पड़ोसियों ने बताया कि घरेलू कलह के चलते उनकी पत्नी पिछले 5 साल से मायके नहरी में रह रही थीं। उनके दो बेटे और एक बेटी भी मां के साथ ही मायके में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। पत्नी ही बच्चों की परवरिश और शिक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, जबकि द्वारिका नरैनी में अकेले जिंदगी काट रहे थे।पड़ोसियों के मुताबिक द्वारिका पिछले दो-तीन दिनों से काफी परेशान और उदास नजर आ रहे थे। किसी से ज्यादा बात भी नहीं कर रहे थे। रविवार सुबह करीब 9 बजे जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक हंसता-खेलता परिवार कैसे घरेलू कलह की भेंट चढ़ गया, इसकी चर्चा पूरे मोहल्ले में हो रही है। पड़ोसियों का कहना है कि अगर समय रहते परिवार में बातचीत से सुलह हो जाती, तो शायद आज द्वारिका जिंदा होते। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















