मुजफ्फरनगर। जनपद में आगामी जनगणना की तैयारियों और स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जूम मीटिंग के माध्यम से संवाद कर जनगणना की तैयारियों की जानकारी दी। इन बैठकों में बैंक कर्मियों, प्रगणकों, चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों, फील्ड ट्रेनर्स, आपदा कर्मियों और जन सेवा केंद्र संचालकों को भी शामिल किया गया। बैठक के दौरान सभी प्रतिभागियों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया और आगामी जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी गईं। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाए और उन्हें स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों तक स्व-गणना की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी पहुंच सके। गंभीर सिंह ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या और उससे जुड़ी विभिन्न जानकारियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जाता है। इस कार्य को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक, अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही जनपद में स्व-गणना की प्रगति और रैंकिंग में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, जिससे जनपद में जनगणना अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।















