मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के अंतर्गत विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जड़ौदा, बोपाड़ा और मंसूरपुर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति तथा केंद्रों पर उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचने वाले मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उसे समय पर उपचार तथा उचित चिकित्सकीय परामर्श मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने, परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सभी चिकित्सक और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। मरीजों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समाधान किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ मिल सके।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को स्वास्थ्य मेलों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।















