धान क्रय केंद्रों का एडीएम ने किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश.

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने पुरकाजी क्षेत्र के दो धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी तथा संबंधित मार्केटिंग इंस्पेक्टर के साथ पुरकाजी और बड़ीवाला, ऐट फलौदा स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्रय केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्ग में आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को अपनी धान की उपज क्रय केंद्रों तक लाने और उसे उतारने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मार्ग को सुगम बनाया जाए। आवश्यकता के अनुसार इंटरलॉकिंग ईंटों और सीमेंट-कंक्रीट के माध्यम से मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसानों को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग सुधार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान गंभीर सिंह ने धान खरीद प्रक्रिया को शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की उपज की खरीद निर्धारित समर्थन मूल्य और लागू नियमों के अनुसार ही की जाए। खरीद में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था करने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोपरि है और सभी संबंधित अधिकारी धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts