मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों युवक थार गाड़ी से सरेआम सड़क पर स्टंटबाजी कर रहे थे, जिससे वहां से गुजरने वाली छात्राओं, महिलाओं और आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। युवकों की हरकतों से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। पुलिस ने शांति व्यवस्था और महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीनों के खिलाफ कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय चौधरी और मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मंसूरपुर पुलिस क्षेत्र में निगरानी कर रही थी।पुलिस के अनुसार, मंसूरपुर थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम एंटी रोमियो स्क्वाड के साथ सिधावली कट के पास जागरूकता अभियान चला रही थी। इसी दौरान थार गाड़ी सवार तीन युवक सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करते मिले। पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वे अभद्रता करने लगे। इसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों को सुबह करीब 11:25 बजे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम ने मौके पर मौजूद बालिकाओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 1076 और 181 की जानकारी भी दी। पुलिस ने महिलाओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में इन नंबरों पर सहायता लेने के प्रति जागरूक किया।















