मुजफ्फरनगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से नारी शक्ति मिशन के अंतर्गत श्रीराम कॉलेज के प्रांगण में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों और आत्मनिर्भर बनने के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीओ खतौली रुपाली राय चौधरी, सीओ जानसठ ऋषिका सिंह, राज्य महिला सदस्य सपना कश्यप, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अलका तथा एसडीएम रश्मि लांबा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने मुख्य अतिथि रुपाली राय चौधरी सहित सभी अतिथियों का पटका पहनाकर और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, नारी शक्ति के महत्व, आत्मनिर्भरता और समाज में महिलाओं की समान भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में सामने आकर आवाज उठानी चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता भी आवश्यक है।
जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं और उपस्थित लोगों को महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता तथा सुरक्षित वातावरण बनाने का संदेश दिया गया। आयोजन ने महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन अनुप्रिया और हुरेन ने किया।
















