मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के द्विवार्षिक चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आईटीआई मुजफ्फरनगर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 200 मतदान कार्मिकों ने भाग लिया। इनमें पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम और द्वितीय मतदान अधिकारी शामिल रहे। मास्टर ट्रेनरों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी नियमों और आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी मतदान कार्मिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रक्रिया को लेकर कोई शंका या भ्रम हो तो संबंधित मास्टर ट्रेनर से तत्काल जानकारी लेकर उसका समाधान कर लें। मतदान के दिन किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए सभी प्रक्रियाओं की सही जानकारी होना आवश्यक है।जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को मतपेटी खोलने, बंद करने और सील करने की प्रक्रिया का पूरी गंभीरता से अभ्यास करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्वाचन से संबंधित आवश्यक प्रपत्रों और रजिस्टरों को सही तरीके से भरने की जानकारी प्राप्त करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर उनका अनिवार्य रूप से पालन किया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों को चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।















