मुजफ्फरनगर। जनपद बरेली में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर में भी मंदिर परिसर में ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्राम प्रहरियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों को प्रशस्ति पत्र एवं अन्य सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन और पुलिस अधीक्षक अपराध एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी इन्दु सिद्धार्थ सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय इन्दु सिद्धार्थ ने किया।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और आमजन के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को अहम बताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। संदिग्ध गतिविधियों और संभावित अपराधों की सूचना समय पर मिलने से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवेश का संदेश भी दिया।















